सिविल लाइंस थाना के अहमदनगर जागीर गांव में चुनावी रंजिश में बुधवार की शाम दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में दो लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में गांव की प्रधान सायमा बी के पति शहादत अली (45 ) और दूसरे पक्ष के जय सिंह शामिल हैं। गोलीबारी की घटना में शहादत के भाई सलीम घायल हैं, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मामला दो समुदायों के बीच का होने की वजह से पुलिस सतर्कता बरत रही है और गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
अहमदनगर जागीर गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। दोनों पक्षों के बीच कई बार पहले भी कई नोकझोंक हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक बुधवार की शाम शहादत अली के भाई सलीम अपनी दुकान बंद करके वापस लौट रहे थे तो रास्ते में घेरकर उनकी कुछ लोगों ने पिटाई करनी शुरू कर दी।
जानकारी मिलने पर शहादत अली भी मौके पर पहुंच गए और बीच बचाव करने लगे। पुलिस का कहना है कि इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें शहादत अली और सलीम को गोली लग गई। इसके बाद दोनों को अस्पताल लाया गया ,जहां डॉक्टरों शहादत अली को मृत घोषित कर दिया। देर रात जानकारी मिली कि इस घटना में दूसरे पक्ष के जय सिंह की मौत हो गई है।
एसपी शिवहरि मीना ने बताया कि अहमदनगर जागीर गांव में दो पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई थी। जिसमें एक पक्ष के सहादत अली और दूसरे पक्ष के जय सिंह की मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है। गांव में पुलिस तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।