मुरादाबाद। परिवहन विभाग ने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले और निष्क्रिय पड़े करीब दो लाख वाहनों को डिफाल्टर घोषित कर दिया है। अब जिले में पंजीकृत सक्रिय वाहनों की संख्या घटकर करीब 5.50 लाख रह गई है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में पंजीकृत वाहनों का समय-समय पर सत्यापन कराया जाता है। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे वाहन सामने आए. जिनका कई वर्षों से टैक्स जमा नहीं था। इसमें से कई ऐसे भी वाहन पाए गए जो 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं लेकिन उनका रिन्यूअल नहीं कराया गया है। विभाग के अनुसार ऐसे वाहनों को नोटिस जारी कर टैक्स जमा करने और वाहनों की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन मालिकों की ओर से जवाब नहीं मिला। करीब दो लाख वाहनों को डिफाल्टर घोषित किया गया है। विभाग का कहना है कि इन वाहन मालिकों से बकाया टैक्स की वसूली भी की जाएगी। यह सभी वाहन विभाग के रिकॉर्ड में हैं। आरटीओ (प्रशासन) राजेश सिंह का कहना है कि जिन वाहनों का टैक्स लंबे समय से बकाया है उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वाहन मालिक बकाया टैक्स जमा करें और पुराने वाहनों की रिन्युअल या स्क्रैपिंग की प्रक्रिया पूरी कराएं।