मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के गांगन वाली मैनाठेर में रहने वाली महिला मोमीना ने एक व्यक्ति पर जमीन का बैनामा कराने के नाम पर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोमीना ने बताया कि मझोला क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे जमीन का बैनामा कराने का झांसा दिया और दो लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि 24 जुलाई को आरोपी उसे रजिस्ट्री दफ्तर भी ले गया। महिला का आरोप है कि उस जमीन का बैनामा भी करा दिया गया। जब मोमीना प्लाट पर निर्माण कराने पहुंची तो एक अन्य महिला भी वहां पहुंच गई। उस महिला ने मोमीना से कहा कि यह जमीन वह एक साल पहले ही खरीद चुकी है। मोमीना ने रजिस्ट्री दफ्तर से इसकी जानकारी निकलवाई। तब पता चला कि महिला एक साल पहले ही जमीन खरीद चुकी है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मझोला थाना प्रभारी को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।