रूट डायवर्जन की पाबंदियां हटने के अगले ही दिन मंगलवार सुबह मुरादाबाद के दो अलग-अलग थानाक्षेत्र में दो हादसे हो गए। एक हादसा मैनाठेर में संभल रोड पर हुआ। यहां ट्रक की टक्कर से पांच साल के मासूम और उसकी मां की मौत हो गई, जबकि मूंढापांडे में डीसीएम की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, संभल जनपद के हजरतनगर गढ़ी थानाक्षेत्र के गांव बारीपुर निवासी संजीव मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे अपनी पत्नी सोनम, पांच साल के बेटे शिव और छह माह के बेटे हंस को बाइक से लेकर रिश्तेदारी में जा रहा था। रास्ते में मैनाठेर पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक बुरी तरह झतिग्रत हो गई। बाइक सवार दंपती और उनके दोनों बच्चे घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिये सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां शिव और उसकी मां की मौत हो गई, जबकि घायलों को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।
जबकि दूसरा हादसा मूंढापांडे थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुआ। यहां डीसीएम ने ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। थाना प्रभारी हिमांशु चौहान ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।