कुंदरकी। क्षेत्र के ग्राम चकफाजलपुर में शुक्रवार देर शाम दो दिन पहले शुरू हुए बच्चों के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पहले तो गली-गलौच हुई और उसके लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने लगे। इसके चलते अफरा-तफरी जैसा माहौल हो गया। संघर्ष के दौरान एक पक्ष से शाहनवाज, आलिम, इमामी, जहीन और दूसरे पक्ष से नईम, शफी अहमद, उवैश और जब्बार घायल हुए हैं, इनमें से अधिकांश घायलों के सिरों में चोटें आईं हैं। जिनमें बालक उवैश के सिर में खुली चोट आई है। बताते हैं कि दो दिन पहले बच्चों के बीच झगड़ा हो गया जिसमें ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था लेकिन शुक्रवार शाम फिर छींटाकशी को लेकर अचानक विवाद बढ़ गया। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराया। पुलिस ने तत्काल ही सभी गंभीर रूप से घायलों को ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर सभी घायलों का इलाज चल रहा है लेकिन सिर में गंभीर चोटें आने वालों को रेफर करने की बात कहीं जा रही थी। स्थानीय पुलिस का कहना है कि जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।