pranay and his friends enjoy new year in mussoorie
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर जनपद के हल्दौर थानाक्षेत्र के छजुपुरा सादात गांव के पास रविवार रात ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे सीएल गुप्ता निर्यात फर्म के प्राडक्ट इंजीनियर प्रणव अग्रवाल और मर्चेंट डाइजर कशिश रस्तोगी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इनके दो साथी घायल हो गए।
चारों साथी मसूरी में नये साल का जश्न मनाकर अपने घर लौट रहे थे। हादसे की जानकारी से चारों दोस्तों के परिवारों में कोहराम मच गया। बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित गांव छजुपुरा सादात के निकट रविवार की रात बिजनौर से मुरादाबाद जा रही कार और नूरपुर से बिजनौर आ रहे भूसे से भरे ट्रक की टक्कर हो गई।
भिड़ंत में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार मुरादाबाद कोतवाली शहर भट्टी स्ट्रीट निवासी रामप्रकाश रस्तोगी के पुत्र कशिश रस्तोगी (24) और मझोला के बुद्धि बिहार निवासी शैलेंद्र अग्रवाल के पुत्र प्रणव अग्रवाल (26) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार सवार निपुण अग्रवाल पुत्र प्रवीण अग्रवाल निवासी सराय खालसा थाना सिविल लाइंस और रोहित गुप्ता निवासी मुबारकपुर अमरोह ाघायल हो गए। हादसे के बाद चालक व परिचालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने दोनो युवकों को मेरठ रेफर किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मोबाइल से प्रणव के घर हादसे की सूचना दी। उन्होंने बताया कि कार प्रणव की ही थी।
वह स्वयं चला रहा था। प्रवण के भाई प्रखर अग्रवाल ने बताया कि चारों एक साथ दिल्ली रोड स्थित सीएल गुप्ता एक्सपोर्ट कंपनी में कार्य करते थे। चारों युवक मसूरी से नया साल मनाकर लौट रहे थे।
प्रणव अग्रवाल कंपनी में प्राडक्ट इंजीनियर थे, जबकि कशिश और बाकी दो मर्चेंट डाइजर के पद पर हैं। हल्दौर थाना प्रभारी निरीक्षक अख्तियार अहमद अंसारी ने बताया कि प्रखर अग्रवाल की तहरीर पर ट्रक चालक व परिचालक खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।