डिलारी थानाक्षेत्र के नाखूनका में शुक्रवार सुबह छह बजे रानीखेत जा रही इनोवा कार की टक्कर काशीपुर से आ रहे रसोई गैस सिलिंडर से भरे ट्रक से हो गई। हादसे में कार और ट्रक सवार एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
कार सवार दंपति समेत पांच लोग जख्मी हो गए। ट्रक में भी सवारियां बैठी थीं, उन्हें भी मामूली चोटें आईऱ् हैं। हादसे की वजह वाहन चालकों को नींद का झोंका आना माना जा रहा है।
सीओ ठाकुरद्वारा विशाल यादव ने बताया कि नई दिल्ली के इग्नू रोड स्थित फ्रीडम फाइटर एंक्लेव कालोनी में नमामि गंगे प्रोजेक्ट के सेवानिवृत्त अधिकारी बीएन सरन परिवार के साथ रहते हैं।
वह शुक्रवार की सुबह इनोवा कार में पत्नी एन सरन, बेटा प्रियंक, मयंक, पुत्रवधू पी सक्सेना और उनके यहां काय करने वाले घरेलू सहायक दिनेश गौड उर्फ पप्पू (30) के साथ रानीखेत जा रहे थे। सुबह छह बजे कार डिलारी थानाक्षेत्र के नाखूनका के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
हादसे में कार और ट्रक सवार लोग जख्मी हुए। इस हादसे की सूचना राहगीरों पुलिस को दी। जख्मी लोगों को पुलिस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने दिनेश गौड को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य लोग जख्मी हुए, जिनको प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में ट्रक सवार करीब 30 वर्षीय एक व्यक्ति की भी मौत हो गई लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि ये व्यक्ति ट्रक में बतौर सवारी बैठा था।
उसके शव को मोर्चरी में रख दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। इस मामले में देर शाम तक एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।