दिल्ली रोड पर कोहरे में आग तापते लोग।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। शहरवासियों को अभी दो दिन कड़ाके की ठंड झेलनी होगी। मौसम विभाग ने मंगलवार तक बर्फीली हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चक्रवाती हवाओं के कमजोर होने से पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं इन दिनों फिर से सक्रिय रहेंगी। इस दौरान धूप का असर बहुत कम हो जाएगा, जिसकी वजह से रात के साथ दिन में भी सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि रविवार को सूखी पश्चिमी हवाएं थीं। मंगलवार तक गलन और ठिठुरन बने रहने की संभावनाएं हैं। बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों में सर्दी को बढ़ाएंगी। हवाओं की गति सामान्य से तेज चलने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। मैदानी क्षेत्रों में सोमवार तक इसका असर पहुंच सकता है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावनाएं हैं। इसकी वजह से ठंड में बढ़ोतरी होगी। दिन में देर से हल्की धूप खिल सकती है। शाम को फिर ठंड हो सकती है। न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है।
रविवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। सुबह के समय कोहरा छाया। इसके बाद कोहरा तो छंट गया, लेकिन धूप नहीं खिली। दिनभर गलन की स्थिति बनी रही। रविवार को अवकाश होने की वजह से ज्यादातर लोग घरों में ही रहे। मौसम विभाग के अनुसार ठिठुरन और गलन की वजह से रविवार को शनिवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 15.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा पश्चिम दिशा से पांच किलोमीटर प्रति घंटा रही। गलन की वजह से रविवार को वातावरण में नमी की मात्रा काफी थी। सुबह की आर्द्रता 98 फीसदी और शाम की 93 फीसदी दर्ज की गई।