रामपुर। जिले में कोरोना के दो और मामले सामने आए हैें। पूर्व में कोरोना पॉजिटिव मिले टांडा के तहसील कर्मी की बहन और तहसील में ही तैनात एक होमगार्ड की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तहसील कर्मी की बहन पहले से ही क्वारंटीन थी। होमगार्ड को भी जौहर अस्पताल भेज दिया गया है और उसके परिजनों को क्वारंटीन करते हुए उसके गांव को नया हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
टांडा तहसील में तैनात एक कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे जौहर यूनिवर्सिटी के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। उसके बाद उसकी पत्नी और बहन को क्वारंटीन कर दिया गया था। साथ ही तहसील में कार्यरत सभी कर्मियों के सैंपल जांच को भेजे गए थे। गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में तहसील की कर्मी बहन और तहसील में कार्यरत एक होमगार्ड की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तहसील कर्मी स्वार के जिस मोहल्ले में रहता है वह पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित है। होमगार्ड के परिजनों को क्वारंटीन करते हुए जिठनिया खजूर गांव को नया हॉट स्पॉट घोषित करते हुए वहां के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया है। जिले में यह कोरोना का 26 वां मामला है, जिसमें से 11 सक्रिय हैं। इन 11 में से भी छह की रिपीट सैंपल निगेटिव आई है। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि तहसील कर्मी के संपर्क में आए दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 11 हो गई है, इसमें से छह लोगों की रिपीट सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिलाधिकारी ने लोगो से अपील की है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निंकले।