कांठ। 12 अक्तूबर को होने वाली पीसीएस परीक्षा 2025 के लिए कांठ तहसील क्षेत्र में दो कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन दोनों केंद्रों पर 768 परीक्षार्थी दो पालियों में परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस पीसीएस परीक्षा के लिए कांठ नगर स्थित डीएसएम इंटर कॉलेज और नगर पंचायत उमरी कलां के पब्लिक इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा एसडीएम कांठ संत दास पंवार को डीएसएम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का सेक्टर मजिस्ट्रेट और भूमि संरक्षक अधिकारी योगेंद्र सिंह को पब्लिक इंटर कॉलेज उमरी कलां का सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। सोमवार को एसडीएम ने बताया कि इन दोनों परीक्षा केंद्रों पर 12 सितंबर को पहली पाली में सुबह 09:30 से 11:30 बजे तक परीक्षा होगी और दूसरी पाली में दोपहर बाद 02:30 से शाम 04:30 बजे तक परीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों परीक्षा केंद्रों पर 384-384 यानि 768 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। एसडीएम ने बताया कि बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद आदि जनपदों से जो परीक्षार्थी पब्लिक इंटर कॉलेज उमरी कलां में परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं, उन्हें उमरी कलां चौराहा से होते हुए परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।