कुंदरकी। मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर में भीकनपुर कुलवाड़ा गांव के पास दो कारों में भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कार सवार सभी भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवीपुरा के रहने वाले है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम जैतिया फिरोजपुर निवासी एक युवक की बरात बरेली जिले के सिरौली कस्बा जा रही थी। इस बरात में कार सवार दो बच्चों समेत छह लोग शामिल थे। उनकी कार जैसे ही हाईवे पर भीकनपुर कुलवाड़ा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार आदिल (26), साजिद (28), जुबैर (19), फरीद (20), हस्सान (9) और सुब्हान (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने सरकारी एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पर पहुंचाया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए ले गए। हादसे के बाद दूसरी कार चालक मौके पर कार छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी जसपाल सिंह का कहना कि तहरीर मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।