मुरादाबाद। महिला थाने के सामने ऑटो में बैठे सफाईकर्मी की जेब से उचक्के ने 28 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर दस हजार रुपये बरामद कर लिए।
मूंढापांडे क्षेत्र के गांव ककरघाट वीरपुर निवासी अमर सिंह डीपीआरओ कार्यालय में सफाईकर्मी के पद पर तैनात हैं। सात जनवरी को उसने केनरा बैंक शाखा से 28 हजार रुपये निकाले थे। नवीन नगर रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद वह ऑटो में सवार हो गया। महिला थाने के सामने पहुंचते ही ऑटो चालक ने सीट ठीक करने के बहाने उसको आगे बैठा लिया। इस बीच पीछे बैठे तीनों लोगों ने बड़ी सफाई से उसके जेब से 28 हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने आरोपियों की छानबीन करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला। पुलिस ने ऑटो चालक की पहचान कर ली। पुलिस ने ग्रीन मीडोज स्कूल के सामने तिराहे पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में करूला अखबार फैक्टरी के पास रहने वाले फैजी उर्फ कामिल और ईदगाह गलशहीद निवासी मो. फैज शामिल हैं। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।