मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र के बुधबाजार स्थित होटल में दिल्ली की एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो चचेरे तहेरे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तराखंड के काशीपुर थानाक्षेत्र के महेशपुरा कस्बा निवासी हैं और नेटवर्किंग का कार्य करते हैं।
पीड़ित युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसे नौकरी लगवाने का झांसा देकर बुलाया था। रविवार दोपहर बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि शनिवार की रात दिल्ली के दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के जैतपुर थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने कोतवाली में केस दर्ज कराया था। इसमें उसने बताया था कि राजा सैफी उर्फ एहतेशाम सैफी से मोबाइल के जरिए उसकी जान पहचान हुई थी।
दोनों फेसबुक पर भी एक दूसरे से चैटिंग करते थे। युवती ने बताया कि आरोपी ने मुरादाबाद में उसे नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। शनिवार को वह मुरादाबाद पहुंची और उसने इस युवक को कॉल किया। आरोपी युवक अपने एक साथी फरहान के साथ रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचा और दोनों युवती को लेकर बुध बाजार स्थित अमन होटल पहुंच गए।
आरोपी ने यहां कमरे की बुकिंग फरहान की आईडी पर कराई थी। आरोप है कि यहां दोनों ने युवती को नशीला पेय पदार्थ पिला दिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर अमन होटल पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई।
इसके अलावा कमरा बुक कराने में लगाई आईडी के जरिए आरोपियों की तलाश की। रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस ने आरोपी राजा सैफी, फरहान निवासी महेशपुरा कस्बा थाना काशीपुर जनपद उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
अपराध निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी चचेरे भाई हैं और नेटवर्किंग करते हैं। रविवार दोपहर बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।