मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल नाजिम और सकलैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। उपचार के बाद मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र के मनकुआ गांव के जंगल में दो दिन पहले पशु के अवशेष मिले थे। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सोमवार रात करीब 12 बजे पुलिस टीम पीपलसाना-इस्लाम नगर रोड स्थित खैय्या खादर मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली भोजपुर के गुलाबगाड़ी निवासी सकलैन और भोजपुर के गजरौला सैद निवासी नाजिम के पैर में लगी। दोनों घायल होकर मौके पर गिर गए। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस और अन्य औजार बरामद किए।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।