मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र पुलिस ने गुरुवार को जानलेवा हमला और और रंगदारी मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं।
कटघर थानाक्षेत्र के मोहल्ला सूरज नगर पीतल नगरी निवासी रवि सिंह ने गुरुवार को थाने में तहरीर दी थी। इसमें कहा गया था कि पीतल बस्ती निवासी मोनू उर्फ मोंटा और पीतल नगरी में टंकी के पास रहने वाले अंशुमन उर्फ काका ने उनके साथ गाली गलौज की थी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोपियों पर रंगदारी मांगने का आरोप भी लगाया था। सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ गुरुवार को आरोपी मोनू और अंशुमन को गिरफ्तार कर लिया है। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अंशुमन के कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।