कुंदरकी (मुरादाबाद)। मैनाठेर थाने से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर बुधवार रात हथियार बंद बदमाशों ने होम्योपैथिक चिकित्सक के घर धावा बोल दिया। पहले एक व्यक्ति दिल का मरीज बनकर आया और फिर पीछे से उसने अपने साथी बुलाकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने चिकित्सक के मासूम पोती को अगवा कर ले जाने की धमकी दी सभी को गन प्वाइंट पर लेकर बीस लाख रुपये की डकैती डाल दी। विरोध करने पर परिजनों के साथ तमंचों की बटों और डंडों से मारपीट की। वारदात की जानकारी मिलने पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवार से पूछताछ की।
मैनाठेर गांव निवासी चिकित्सक जयवंश सिंह पुत्र रामस्वरुप सिंह ने बताया कि वह होम्योपैथिक डॉक्टर हैं। बुधवार को रात करीब सवा आठ बजे एक आदमी आया और उसने कहा कि मैं दिल का मरीज हूं। मुझे दवाई दे दो। मैंने मना किया तो वह बाहर चला गया और मैंने अपने घर का गेट अंदर से बंद कर लिया। चार-पांच मिनट बाद फिर से उसने दरवाजा खुलवाया। मरीज बनकर आए बदमाश के साथ इस बार तीन अन्य युवक थे जो धड़ाधड़ घर में घुस गए। बाद में और बदमाश भी घुस गए। उन्होंने, तमंचे व चाकू से डराकर परिवार को नीचे कमरे में बंद कर दिया और मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। चिकित्सक जयवंश सिंह के मुताबिक बदमाशों ने ऊपरी मंजिल पर जाकर दोनों कमरों में रखे 45 तौला सोने की जेवर अपने कब्जे में ले लिए। आरोप है कि लूटपाट का विरोध करने पर चिकित्सक के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिए। चिकित्सक की पत्नी दया चौधरी के साथ भी मारपीट की। साथ ही उनकी मासूम पोती आनिया को तमंचे के बल पर ले कर जान से मारने की धमकी दी। जिससे पूरा परिवार बेबस हो गया। बदमाशों की संख्या लगभग दस से बारह थी। बदमाश जाते समय चिकित्सक, उनकी पत्नी पत्नी दया चौधरी, पुत्रवधू मीनाक्षी और पांच वर्षीय पोती आनिया को नीचे कमरे में बंद करके चले गए। दराज के अंदर रखे 35 हजार रुपये की नगदी और कुछ साड़ियां भी ले गए, जबकि चार मोबाइल को बाहर जाने वाली गैलरी में चारपाई पर रख कर चले गए। शोर मचाने पर पड़ोसी ने कमरे की कुंडी खोली जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मैनाठेर कोतवाल रामवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जानकारी की। इसके बाद बदमाशों की तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। देर रात में ही एसएसपी प्रभाकर चौधरी मैनाठेर गांव में चिकित्सक के घर पहुंच गए और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मैनाठेर पुलिस, क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।