मुरादाबाद। जम्मू से कोलकाता जा रही सियालदह एक्सप्रेस में मंगलवार को दो वेंडरों में मारपीट हो गई। उनकी मारपीट में टीटीई प्रतीक गुप्ता को गंभीर चोट लग गई। घटना 11 अप्रैल की सुबह नगीना स्टेशन के पास हुई।
ट्रेन की पेंट्री कार में दो वेंडर आपस में लड़ रहे थे। टीटीई प्रतीक खाने का सामान लेने वहां गए थे। एक वेंडर ने चाय से भरी बाल्टी दूसरे वेंडर को मारी लेकिन वह टीटीई के लग गई। इससे उनके दांत टूट गए व चेहरे पर घाव हो गया। नगीना स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो टीटीई को प्राथमिक उपचार दिया गया। टीटीई व उनके साथी जब रिपोर्ट दर्ज कराने जीआरपी थाने पहुंचे तो वेंडर ने क्षमा मांगी। उसने अपने बच्चों व नौकरी का हवाला देकर टीटीई को विवश कर दिया। इसके बाद टीटीई ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।