मुरादाबाद। गन्ना लादकर हाईवे पर दौड़ने वाले ट्रक इन दिनों खतरा बन रहे हैं। इन ट्रकों पर क्षमता से कई गुना अधिक गन्ना लादा जा रहा है। कई बार तो ट्रक एक तरफ को झुके हुए चलते हैं। लेकिन इन पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। इतना ही नहीं गन्ना लदे वाहनों की लाइनें हाईवे तक आ रही हैं मगर चीनी मिल प्रशासन फिर भी कोई इंतजाम नहीं कर पा रहा है।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे छजलैट थाना क्षेत्र में लदावली गांव के पास दीवान शुगर मिल में गन्ना उतारकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्राले ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी थी। बेकाबू ट्राला रोडवेज बस को चीरते हुए निकल गया था। इस हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। खास बात यह है कि इस हादसे के बाद भी प्रशासन जागा नहीं है। हादसे के अगले दिन भी ओवरलोड वाहन दौड़ते रहे। बिजनौर मार्ग पर गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ने का पहाड़ लादकर ट्रक स्योहारा चीनी मिल को जाते दिखे। दीवान शुगर मिल के आसपास भी गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक देखने को मिले।