संभल के चंदौसी में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर सिम्स कॉलेज टी प्वाइंट पर ट्रैक्टर ट्राली का हिच (पिन) निकल गया और ट्राली अनियंत्रित होकर टेंपो से टकरा गई। हादसे में टेंपों में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया, चार को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बनियाठेर निवासी चालक गिरिश टेंपो में सवारी लेकर बहजोई जा रहा था। चंदौसी में बाइपास टीप्वाइंट के पास सामने से एक ट्रैक्टर ट्राली आ रही थी। नजदीक आने पर अचानक ट्रैक्टर ट्राली का हिच(पिन) निकल गई और ट्राली ट्रैक्टर से अलग हो गई।
अनियंत्रित ट्राली सामने से आ रहे टेंपो से टकरा गई। टक्कर लगते ही घायलों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर राहगीर एकत्र हो गए और घालयों को टेंपो से बाहर निकाला। हादसे में टेंपो चालक गिरिश (38), बहजोई थाने के गांव धर्मपुर मेंथरा निवासी शाहिरा (26), उनकी बेटी इल्मा (6), गांव धर्मपुर मेंथरा निवासी पीआरडी जवान नसीम अहमद (52), चंदौसी के मोहल्ला राज निवासी गोपाल (30), एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए।
उन्होंने सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया गया है। अज्ञात व्यक्ति बेहोश है, उसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। हालत टेंपो चालक गिरीश, पीआरडी जवान नसीम अहमद, गोपाल व अज्ञात व्यक्ति को रेफर कर दिया है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली, टेंपो को कब्जे में ले लिया है।