मुरादाबाद। लाइनपार क्षेत्र में लोगों के हंगामे के बीच अतिक्रमण हटाने के लिए रविवार को नगर निगम का बुलडोजर जमकर चला। निगम की टीम ने विशेष अभियान चलाकर 20 से अधिक स्थायी अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए और नाले-नालियों पर किए गए कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान जारी रहा।
नगर निगम के अनुसार स्थानीय निवासी देशराज शर्मा ने लाइनपार क्षेत्र में जलभराव और अवैध अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। शिकायत में बताया गया था कि हनुमान नगर, विकास नगर, रामतलैया और ढक्का पुलिया के आसपास नाले-नालियों पर कब्जे और अवैध निर्माण होने से बरसात के दौरान जल निकासी प्रभावित होती है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर आयुक्त के निर्देश पर रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। निगम की टीम ने नाले-नालियों पर बने अवरोध हटाकर उनकी सफाई कराई। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे गए सामान भी जब्त किए गए। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से आगामी मानसून में जलभराव की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
कार्रवाई के दौरान कई लोग अपने ठेले लेकर भाग खड़े हुए। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा कब्जा करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।