रेलवे ने एसी और स्लीपर कोच के किराए में बढ़ोतरी की है। मुरादाबाद से दिल्ली तक थर्ड एसी का किराया अब 555 रुपये से बढ़कर 558.3 रुपये हो गया है। मुरादाबाद से लखनऊ जाने पर थर्ड एसी में 6.5 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।
पीतलनगरी से देश की राजधानी तक जाने के लिए रेलयात्रियों को सफर एसी क्लास में 3.30 रुपये महंगा हो गया है। अब से बुकिंग करने पर थर्ड एसी कोच में मुरादाबाद से दिल्ली का किराया 558.3 रुपये होगा। जोकि अब तक 555 रुपये था। कुछ ट्रेनों में यह किराया 505 रुपये था, जिनमें अब 508.3 रुपये हो जाएगा।
विज्ञापन
शहर से दिल्ली के लिए करीब 20 ट्रेनें चलती हैं। सिर्फ दिल्ली ही नहीं हर गंतव्य के लिए यह नियम लागू होगा। मुरादाबाद से देश की राजधानी की दूरी रेलवे ट्रैक से 165 किलाेमीटर है। एसी श्रेणी में दो पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया बढ़ाया गया है।
इसलिए यात्रियों को 3.3 रुपये अधिक चुकाने होंगे। वहीं मुरादाबाद से लखनऊ की दूरी 325 किलाेमीटर है। इस तरह एसी क्लास के किराया में 6.5 रुपये की बढ़ोतरी होगी। उदाहरण के लिए शहीद एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में किराया 585 रुपये है।
विज्ञापन
अब यात्रियों को 591.5 रुपये चुकाने होंगे। जबकि जनरल टिकट पर रेलवे ने 500 किमी तक किराया नहीं बढ़ाया है। 500 से 1500 किमी तक पांच रुपये और 1500 से 2500 किमी तक 10 बढ़ाए गए हैं। ऐसे में जनरल टिकट पर लखनऊ तक सफर करने वाले यात्रियों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा।
स्लीपर क्लास के किराये में एक पैसा प्रति किमी की दर से बढ़ोतरी की गई है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी किया गया बदलाव पूरे भारत में लागू होगा। रेल मंडलों को अलग से दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं।