मुरादाबाद। दीपावली और छठपूजा के मौके पर ट्रेनों में बुकिंग फुल हो चुकी है। यहां तक कि त्योहारों के बाद की तारीखों में भी ट्रेनों में सीट खाली नहीं है। इसके चलते रेलवे ने पांच जोड़ी और स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इनमें से दो जोड़ी ट्रेनें मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरेंगी। मंहगा किराया होने के कारण अभी तक क्लोन ट्रेनों में जगह खाली थी, लेकिन त्योहार नजदीक आते ही क्लोन ट्रेनों में भी बुकिंग फुल हो गई है। इन दिनों मुरादाबाद से प्रतिदिन 700 यात्री बुकिंग करा रहे हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत के मद्देनजर रेलवे बोर्ड लगातार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी कर रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या (04493-94) आनंद विहार और सहरसा के बीच 17 नवंबर से चलाई जाएगी। यह ट्रेन मंडल में मुरादाबाद, बरेली और सीतापुर स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या (04498-97) 17 नवंबर को रात आठ बजे दिल्ली जंक्शन से दरभंगा के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन मुरादाबाद, लखनऊ, बरेली गोंडा, गोरखपुर, पनीहावा, नरकटियागंज, रक्सौल और सीतामढ़ी स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।