मुरादाबाद। लखनऊ रूट पर शाहजहांपुर से मलिहाबाद तक तकनीकी खराबी (सेक्शन आउट) होने के बाद सोमवार रात ट्रेनों के संचालन प्रभावित हो गया। तकनीकी स्टाफ व्यवस्था सुधारने में पूरी रात जुटा रहा। मंगलवार सुबह करीब 6.15 बजे तकनीकी दिक्कत को ठीक किया जा सका। इस दौरान मैन्युअल टोकन देकर ट्रेनों को गुजारकर यात्रियों को सहूलियत देने की कोशिश की गई।
शाहजहांपुर से मलिहाबाद स्टेशनों के बीच सोमवार रात करीब 12.15 बजे सेक्शन आउट हो गया। इस तकनीकी खराबी आने के बाद मंडल नियंत्रित कक्ष को खबर भेजी गई। इस रेलखंड के सभी स्टेशनों को अलर्ट भेजा गया। इस गड़बड़ी की वजह से काठगोदाम से हावड़ा के बीच चलने वाली बाघ एक्सप्रेस 13020, अमृतसर से जयनगर के बीच चलने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस 14650, हरिद्वार से हावड़ा के बीच चलने वाली कुंभ एक्सप्रेस 12370, जम्मू से वाराणसी के बीच चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस 12238 और एक मालगाड़ी को 15 से 20 मिनट के लिए रोकना पड़ा। रातभर की मशक्कत के बाद सुबह करीब 6.15 बजे तकनीकी खराबी ठीक किया जा सका।