शाहजहांपुर और रसोइया स्टेशन के बीच बुधवार को माल गाड़ी का इंजन फेल हो गया। इंजन फेल होने से आठ ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। मुरादाबाद से संभल संचालित ट्रेन भी दोपहर में मुरादाबाद आउटर में इंजन फेल होने से खड़ी हो गई। रेलवे के मुताबिक बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे शाहजहांपुर से लखनऊ जा रही माल गाड़ी का इंजन रसोइया स्टेशन के पास खराब हो गया। माल गाड़ी डेढ़ घंटे तक ट्रैक पर खड़ी हो गई।
चालक ने इंजन फेल होने की जानकारी कंट्रोल रूम को देने के साथ इंजन स्टार्ट करने का प्रयास किया। लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। इंजीनियरों की टीम भी मौके पर पहुंची और दूसरा इंजन पहुंचने पर माल गाड़ी से जोड़ा गया। करीब डेढ़ घंटे बाद मालगाड़ी रवाना हुई। मालगाड़ी की वजह से राजधानी 40 मिनट, कोलकाता अमृतसर सुपर फास्ट एक घंटा पांच मिनट, गरीब नवाज 30 मिनट और पांच माल गाड़ियों का संचालन बाधित रहा।
मुरादाबाद से संभल के संचालित डीएमयू ट्रेन का इंजन भी आउटर पर फेल हो गया। ट्रेन तीन नंबर प्लेटफार्म से रवाना होकर आउटर में जाकर खड़ी हो गई। इससे संभल रूट पर डेढ़ घंटे तक संचालन बाधित रहा।
अगवानपुर में बुधवार दोपहर रेलवे फाटक खराब होने से तीन ट्रेनों और सड़क पर वाहनों का संचालन बाधित रहा। रेलवे के मुताबिक दोपहर 12 बजे अगवानपुर का फाटक खराब हो गया। इससे सड़क पर जाम लगने के साथ सिग्नल नहीं मिलने से स्पेशल, जन शताब्दी और देहरादून एक्सप्रेस के संचालन पर असर पड़ा।