मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शुक्रवार को रेलवे पटरियों पर मरम्मत कार्य चला। जिसकी वजह से ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। ट्रेनों के जहां-तहां रुकने की वजह से यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी गई। मंडल के दबतरा और करैंगी के बीच शुक्रवार दोपहर ट्रैक पर एक बजकर बीस मिनट से दो बजकर पचास मिनट तक मेगा ब्लाक लिया गया था, लेकिन समय रहते मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो पाया। ये कार्य शुक्रवार दोपहर तीन बजकर पांच मिनट तक चला। जिसकी वजह से इंदौर-बरेली एक्सप्रेस, दिल्ली-बरेली इंटर सिटी एक्सप्रेस, बरेली-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन बीच में रुकी रहीं। जिन्हें बाद में रवाना किया गया। इसके अलावा मिरानपुर कटरा और तिलहर के बीच शुक्रवार को ग्यारह बजकर बीस मिनट से बारी बजकर तीस मिनट तक ब्लाक लिया गया था। ये कार्य बारह बजकर पचास मिनट तक चला। इस दौरान वाराणसी बरेली एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस रुकी रहीं। जिन्हें ट्रैक ठीक करने के बाद चलाया गया।