सिपाही शिव कुमार का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर दिल्ली एक्सप्रेस (25014) के ड्राइवर ओमप्रकाश की गुरुवार ट्रेन चलाते समय तबियत बिगड़ गई। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है हार्टअटैक के कारण ड्राइवर की मौत हुई। ओमप्रकाश काशीपुर के रहने वाले थे। वहीं पुलिस लाइन में गुरुवार की सुबह नहाते वक्त सिपाही को दिल का दौरा पड़ा। कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई।
बुधवार को रामनगर दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन लोको पायलट ओमप्रकाश (आर) की भोट स्टेशन पर अचानक से तबियत बिगड़ना शुरू हो गई। सहायक लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम से निर्देश मिलने तक गाड़ी भोट स्टेशन पर ही खड़ी रही। मैसेज मिलने के बाद गाड़ी को लेकर सहायक लोको पायलट कटघर स्टेशन तक लेकर आया। तब तक ओमप्रकाश बेहोश हो चुके थे। कटघर स्टेशन पर पीछे से आ रही रानीखेत एक्सप्रेस को रोककर उससे ड्राइवर को मुरादाबाद स्टेशन लाया गया। मुरादाबाद रेलवे अस्पताल की एंबुलेंस से र्साइं अस्पताल लाया गया। जहां तड़के तीन बजे के लगभग ओमप्रकाश की मौत हो गई।
उधर पुलिस लाइन की बैरक में गुरुवार सुबह सिपाही शिव कुमार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह मुगलपुरा थाने में तैनात थे। शिवकुमार ने बुधवार को नाइट ड्यूटी की थी। गुरुवार सुबह बैरक के बाथरूम में नहाने के बाद शिव कुमार बाहर आए तो अचानक जमीन पर गिर गए। घटना से साथी पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। शिव कुमार को जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने देखते ही सिपाही को मृत घोषित कर दिया। सिपाही शिव कुमार सिंह (50) मूलरूप से अलीगढ़ जनपद के इगलास थानाक्षेत्र के खुर्द बड़ा के रहने वाले थे।