मुरादाबाद। गजरौला स्टेशन से निकलते ही मुजफ्फरपुर से पोरबंदर के बीच चलने वाली पुरबिया एक्सप्रेस के एक कोच से चिंगारी निकली तो यात्रियों में खलबली मच गई। गढ़ मुक्तेश्वर में ट्रेन रोक कर चेक किया गया, तब पता चला कि तारों में शार्ट सर्किट होने की वजह से चिंगारी निकली थी। जिसे ठीक कर बीस मिनट बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना कर दी गई।
मंगलवार को ट्रेन मुजफ्फरपुर से पोरबंदर जा रही थी। दोपहर एक बजे ट्रेन गजरौला रेलवे स्टेशन से गुजारी। इसी दौरान देखा कि ट्रेन के स्लीपर कोच के नीचे से चिंगारी निकल रही है। तब स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल को दी। अगले स्टेशन पर ट्रेन रुकवा ली गई। तकनीकी टीम ने चेक किया तो पता चला कि शार्ट सर्किट की वजह से चिंगारी निकली थी। जिसे ठीक करने के बाद ट्रेन रवाना कर दी गई। इस दौरान बीस मिनट तक ट्रेन प्रभावित रही।