बिलारी में एसडीओ विद्युत को ज्ञापन देते पश्चिमी व्यापार मंडल के पदाधिकारी-संवाद
- फोटो : कीर्तन करता रागी जत्था।
बिलारी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल बिलारी के पदाधिकारी रविवार दोपहर एसडीओ विद्युत से मिले। इस दौरान नगर के विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याएं बताईं और समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।
नगर में स्टेशन रोड स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर पहुंचे पश्चिमी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एसडीओ विद्युत अवधेश कुमार को ज्ञापन देकर बताया कि नगर के कई मोहल्लों में जर्जर विद्युत पोल खड़े हैं जिनसे गिरकर हादसा होने की आशंका है। कई मोहल्लों में विद्युत पोलों पर अभी भी पुराना बंच केबिल पड़ा हुआ है जो काफी नीचे लटका होने से आए दिन ब्रेकडाउन होते रहते हैं। नगर में उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के स्टाफ के रवैये से उपभोक्ता काफी नाराज हैं। स्मार्ट मीटर लगाने में लापरवाही बरती जा रही है। विद्युत पोल से स्मार्ट मीटर तक आने वाला बंच केबिल अक्सर लटका छोड़ दिया जा रहा है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि बिलारी नगर के विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तब पश्चिमी व्यापार मंडल आंदोलन करने को मजबूर होगा। एसडीओ को ज्ञापन देने और उनसे वार्ता करने वालों में पश्चिमी व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष के के गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता, जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा एडवोकेट, जिला महामंत्री सुनील आर्य, जिला प्रभारी नरेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष विकास गुप्ता, नगर महामंत्री सचिन गुप्ता, महेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सपन गुप्ता, नोमान जमाल, कपिल गुप्ता, हाजी दिलशाद अंसारी, हाजी शमशुददीन आदि पदाधिकारी मुख्य थे। एसडीओ विद्युत ने व्यापारियों को उनकी सभी समस्याएं शीघ्र हल कराने का आश्वासन दिया।