नागफनी थानाक्षेत्र के नवाबपुरा में नोटबंदी के कारण कारोबार डूबा तो पीतल व्यापारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। व्यापारी द्वारा उठाए गए इस आत्घाती कदम से उसके परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
नवाबपुरा निवासी नसीम पुत्र मकसूद का पीतल का व्यापार था। नोटबंदी से पहले तक नसीम का व्यापार ठीक ठाक चल रहा था। उसने अपना कारखाना भी बना रखा था। लेकिन नोटबंदी के कारण उसका व्यापार डूब गया। जिस कारण उस पर कर्जा हो गया था। वह तनाव में रहने लगा। रविवार की रात उसने तमंचे से खुद को गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर मां और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो नसीम खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ था। इस घटना से परिवार में चीख पुकार मच गई। जानकारी मिलने पर आस पड़ोस के लोग भी पहुंच गए।
परिजन नसीम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया है। नागफनी इंस्पेक्टर आरके चौहान ने बताया कि नसीम ने खुद को गोली मारकर सुसाइड का प्रयास किया है।