डिलारी। भट्ठे से ईंटें भरकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली पहिया निकलने से असंतुलित होकर ई-रिक्शा पर पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार ठाकुरद्वारा के गांव अभयपुर निवासी ममता (40) व एक अन्य 40 वर्षीय ग्रामीण की माैत हो गई। इसके अलावा हादसे में दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा रविवार सुबह दस बजे करनपुर-ठाकुरद्वारा मार्ग पर पर हुआ। ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंटें भरकर ठाकुरद्वारा की तरफ ले जाई जा रही थीं। इसी दाैरान क्षेत्र के गांव अलियाबाद के जंगल में ट्रैक्टर का दाहिना पहिया निकलने से ट्रैक्टर-ट्राॅली असंतुलित होकर इधर से गुजर रहे ई-रिक्शा पर पलट गई। जिससे ई-रिक्शा पलटे खाते हुए सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। ई-रिक्शा पर सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में ई-रिक्शा सवार ममता (40) व एक अन्य ग्रामीण की माैत हो गई। इस ग्रामीण की पहचान नहीं हो पाई है।
इसके अलावा हादसे में ई-रिक्शा पर सवार आसमा व रफीक निवासी रतुपुरा थाना ठाकुरद्वारा घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना स्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।