कुंदरकी के ग्राम चकफाजलपुर में सीमेंट कारोबारी की मौत रोती बिलखती महिलाएं संवाद
- फोटो : संवाद
कुंदरकी (मुरादाबाद)। चकफाजलपुर गांव में शुक्रवार की कच्चे रास्ते में बने गड्ढे में पहिया आने पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चकरोड किनारे पानी भरे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सीमेंट कारोबारी आसिम पाशा उर्फ बाबू (22) की दबकर मौत हो गई। वह चकरोड में फंसी परिचित की बोलेरो को निकालने के लिए ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे।
थाना क्षेत्र के ग्राम चकफाजलपुर निवासी आसिम पाशा की कुंदरकी बाइपास के जीरो प्वाइंट पर हबीब सीमेंट ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की देर रात सीलपुर गांव निवासी परिचित की बोलेरो कार चकफाजलपुर के निकट कच्चे चकरोड के पानी से भरे गड्ढे में फंस गई थी। सूचना मिलने पर आसिम ट्रैक्टर लेकर बोलेरो को निकालने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गड्ढे में पहिया आने पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चकरोड के किनारे ही गहरे खेत पलट गया और आसिम ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
हादसे के बाद एकत्र लोगों ने आसिम को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और आसिम को उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार की दोपहर में गमगीन माहौल में शव सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। दफीने में बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान, कुंदरकी विधायक के बड़े भाई जयवीर सिंह, सपा नेता हाजी मोहम्मद उस्मान, आईटीएम ग्रुप के डायरेक्टर आरिफ पाशा, मास्टर नवाब हुसैन, मोहम्मद यूसुफ उर्फ कल्लू, हाजी हनीफ, शानू पाशा, आसिफ इकबाल, मुनाजिर खान, हाजी हशमत अली समेत काफी संख्या में लोग रहे।