वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टूरिस्ट बस के ब्रेक फेल हो गए। इससे घबराकर चालक स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो बैठा। बस बेकाबू होकर आगे चल रहे एक अन्य वाहन से भिड़ गई। हादसे में मुरादाबाद की दो महिलाओं समेत पांच श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है।
हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे डिडौली कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित नारंगपुर गांव के पास हुआ। एक टूरिस्ट बस दिल्ली से मुरादाबाद की ओर आ रही थी। बस में वैष्णो देवी से दर्शन कर घर लौट रहे मुरादाबाद के श्रद्धालु सवार थे। बस नारंगपुर गांव के पास पहुंची थी कि अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस चालक ने स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया और बस बेकाबू होकर आगे चल रहे वाहन से भिड़ गई। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीखपुकार मच गई। हादसे में विक्की कुमार निवासी भोजपुर, अजय तिवारी, नेहा शर्मा, सुशीला देवी और दुष्यंत कुमार निवासी निकट आरटीओ ऑफिस, जिला मुरादाबाद घायल हो गए। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे घायलों को जोया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर किया गया है, अभी तहरीर नहीं मिली है। क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में लिया गया है।