मुरादाबाद। शहर के कॉलेजों में एनसीसी की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शरीर पर वर्दी और कंधों पर सितारों का सपना देखने वाले युवाओं में भर्ती के लिए जबरदस्त उत्साह है। नवीं, 23वीं और 24वीं वाहिनी के तहत जिले के करीब 50 इंटर कॉलेजों और 20 महाविद्यालयों में एनसीसी संचालित है। कुछ में भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जबकि बड़े कॉलेजों में शेष है। 16 जुलाई को महाराज अग्रसेन इंटर कॉलेज में एनसीसी की भर्ती हुई। छात्रों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। 30 जुलाई को हिंदू कॉलेज में भर्ती का पहला चरण है। इसी तरह चित्रगुप्त इंटर कॉलेज और केजीके कॉलेज में भी एनसीसी कैडेट्स की भर्ती होनी है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एनसीसी बटालियनों ने आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं का मार्कशीट और कॉलेज की एडमिशन फीस रसीद लाने की शर्त रखी है। हिंदू कॉलेज का रिकॉर्ड रहा है कि यहां से हर वर्ष एक कैडेट 26 जनवरी को दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होने वाली आरडी परेड में शामिल होता है। कॉलेज में 24वीं और नवीं बटालियन की एनसीसी इकाई संचालित है। नवीं बटालियन में गर्ल्स कैडेट प्रशिक्षण ले रही हैं।
कई पूर्व कैडेट आज देश की सेना में अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। एनसीसी अधिकारियों का कहना है कि इससे नेतृत्व, अनुशासन और देशभक्ति की भावना बढ़ती है। साथ ही भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और अन्य सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए एक मजबूत आधार भी मिलता है। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के एनसीसी अधिकारी मेजर शिवकुमार का कहना है कि एनसीसी के तीन प्रकार के प्रमाणपत्र ए, बी, और सी प्रदान किए जाते हैं। इनमें सी सर्टिफिकेट सर्वोच्च स्तर का होता है। यह प्रमाणपत्र सेना और अन्य सरकारी नौकरियों में भर्ती के दौरान उम्मीदवारों को प्राथमिकता दिलाता है।
एनसीसी भर्ती के लिए इसलिए है उत्साह
- एनसीसी सी सर्टिफिकेट धारकों के लिए भारतीय सेना हर साल एनसीसी स्पेशल एंट्री स्कीम के तहत भर्ती निकालती है। इस स्कीम के तहत सी सर्टिफिकेट धारक बिना लिखित परीक्षा के सीधे सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। यह स्कीम भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में 32 सीटें, नौसेना अकादमी, इझिमाला और वायुसेना अकादमी हैदराबाद में 3-3 सीटें आरक्षित रखती है। इसके लिए न्यूनतम 50% अंकों के साथ स्नातक डिग्री और 19-25 वर्ष की आयु सीमा आवश्यक है।
- एनसीसी सी सर्टिफिकेट धारकों को लिखित परीक्षा में 5%, बी सर्टिफिकेट धारकों को 3% और ए सर्टिफिकेट धारकों को 2% बोनस अंक मिलते हैं। यह लाभ एसएससी जीडी कॉन्स्टेबल, सीपीओ भर्ती, पुलिस व अर्धसैनिक बलों की लिखित परीक्षाओं में लागू होता है।
00
हमारे कॉलेज में 24वीं बटालियन के तहत 30 जुलाई को एनसीसी भर्ती परीक्षा का प्रथम चरण है। पहले दिन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित होगी। जो छात्र पास होंगे उनका शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा।
- कैप्टन डॉ. राजीव चौहान, एएनओ हिंदू कॉलेज
00
कॉलेज में एनसीसी की भर्ती 30 जुलाई के बाद होगी। काफी छात्र भर्ती के लिए पूछताछ कर रहे हैं। दो वर्षीय प्रशिक्षण के बाद उन्हें बी सर्टिफिकेट मिलता है। यहां से छात्र थल सेना कैंप, विशेष ट्रैकिंग कैंप, शूटिंग कैंप के लिए चयनित होते हैं। कैडेट्स को ओलंपिक तक जाने का मौका मिलता है।
- मेजर शिवकुमार, एएनओ चित्रगुप्त इंटर कॉलेज