कोरोना वायरस की जांच कराते लोग
- फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद में कोरोना ने शुक्रवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पिछले 24 घंटे में 1064 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है और दस की मौत हो गई। कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बेकाबू मामले ने चारों तरफ अफरा-तफरी मचा दी है। कोरोना की ये लहर बहुत ही ज्यादा खतरनाक साबित हो रही है। लोगों की सांसें की डोर थमती जा रही हैं।
वहीं इससे पहले बुधवार को कोरोना संक्रमण के तेजी से हो रहे फैलाव के शिकार वृद्ध महिला समेत पांच लोगों ने दम तोड़ दिया था। तीन संक्रमितों की टीएमयू और दो की कोविड एल-टू अस्पताल में मौत हुई थी। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट और एमडीए के टाउन प्लानर समेत 832 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जबकि स्वस्थ होने पर 244 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया था। संक्रमितों को कोविड अस्पतालों और होम आइसोलेशन में रखा गया था।
सिविल लाइंस क्षेत्र के 51 वर्षीय महिला 11 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हुई थी। परिजनों ने उन्हें टीएमयू में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 12 अप्रैल को टीएमयू में भर्ती सिविल लाइंस क्षेत्र के 57 वर्षीय बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। वहीं 75 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई। महिला को 20 अप्रैल को टीएमयू में भर्ती कराया गया था।
बुधवार को आई रिपोर्ट में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा आठ सौ के पार पहुंच गया। सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह और एमडीए टाउन प्लानर कुशवेंद्र कुमार मिश्रा समेत 832 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी।