ईद के चांद का दीदार मंगलवार शाम हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो बुधवार को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। ईद की नमाज को लेकर नगर निगम व प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली है।
सोमवार पूरे दिन ईदगाह में साफ सफाई के साथ सफे बनाने के लिए लाइनिंग का काम चलता रहा। ईदगाह में नमाज सुबह 8 बजे होगी। ईद-उल-फितर के मौके पर शहर साफ सुथरा दिखे इसके लिए नगर निगम प्रशासन पूरी शिद्दत के साथ जुटा है। नगर आयुक्त शहर में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते रहे। रविवार को उनके द्वारा निरीक्षण के बाद दिए गए निर्देश के क्रम में नगर निगम की टीम ईदगाह के विशाल मैदान में सफाई व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटी रही। ईदगाह की दीवारों पर रंग रोगन का काम भी सोमवार को पूरा कर लिया गया।
क्षेत्रीय पार्षद राशिद हसन ने बताया कि ईदगाह मैदान पर नमाजियों को वजू के लिए दिक्कत न हो इसके लिए अस्थाई तौर पर वजू स्थल बनाया जाएगा। जिसमें पानी की टोटियां लगाई जाएंगी। नगर निगम की ओर से पांच पानी के टैंक भी भर कर अलग-अलग स्थानों पर खड़े रहेंगे। उन्होंने बताया कि ईदगाह स्थल तक पहुंचने के लिए ईदगाह के सभी तीनों गेट खुले रहेंगे। डबल फाटक पुल से ईदगाह जाने वाले मार्ग पर ईदगाह की ओर पड़ने वाले नाले की तरफ बैरिकेडिंग की जाएगी। जिससे भीड़ में फंस कर कोई नाले की तरफ न जा सके।
ईदगाह के चारों तरफ मुश्तैद रहेंगे निगम कर्मचारी
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि ईद की नमाज के मद्देनजर ईदगाह स्थल पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। शांति व सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त पुलिस बल के अतिरिक्त नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी ईदगाह गेट तथा आबादी की ओर से आने वाले रास्ते पर लगाई जाएगी।
000
कहां कब होगी ईद की नमाज
- ईदगाह 8:00 बजे
- मस्जिद फलाहेदराइन 06:15 बजे
- कंबल का ताजिया इमली वाली मस्जिद : 06:30 बजे
- मस्जिद ताज वाली मंडी बांस : 06:30 बजे
- मस्जिद मौलाना वाली तंबाकू वलान : 06:30 बजे
- मस्जिद मैदान वाली, रफतपुरा: 07:00 बजे
- याहया मस्जिद, शाहिबाबाद: 07:00 बजे
- शाही मदरसा, लालबाग: 07:15 बजे
- बड़ा मदरसा, ट्रांसपोर्ट नगर: 7:15 बजे
- मस्जिद अलनूर, पीरगैब: 07:15 बजे
- शाही मस्जिद, बर्तन बाजार मंडी चौक: 07:30 बजे
- मदरसा दारुल उलूम वाद-ए-हुदा, शाहिबाबाद: 07:30 बजे
- मस्जिद घेरवाली, फैजगंज: 08:00 बजे
- मस्जिद हौज वाली, लालबाग: 08:00 बजे
- मस्जिद बाग वाली, मुफ्ती टोला: 8:10 बजे
- मस्जिद शाह मुनीर साहब, पान दरीबा: 08:15 बजे
- मस्जिद कचहरी वाली: कचहरी रोड: 08:15 बजे
- मस्जिद यतीम खाने वाली, फैजगंज: 08:30 बजे
- मस्जिद कुएं वाली: गवर्मेंट कॉलेज: 08:30 बजे
- मस्जिद, आजाद नगर: 09:00 बजे
- मंगलवार को चांद का दीदार हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो ईद बुधवार को होगी। ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 8 बजे होगी। सभी लोग समय से पहले ईदगाह पहुंचने की कोशिश करें। ईद की नमाज से पहले फितरा अदा करें। फितरा प्रतिव्यक्ति 60 रुपये है।
सैयद फहद अली, नायब शहर इमाम