मुरादाबाद। दिनभर उमस से बेहाल करने के बाद सोमवार शाम को बादल झमाझम बरसे। मौसम विभाग ने चार मिली मीटर बारिश दर्ज की। इसके अलावा मंगलवार और बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कहीं-कहीं बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश तक हो सकती है। पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि मंगलवार को हल्की बारिश का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कहीं आठ से दस मिली मीटर बारिश हो सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है। उन्होंने बताया कि तापमान भी सामान्य रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। सोमवार को सुबह से ही आसमान में कभी तेज धूप खिल रही थी तो कभी बादल छा रहे थे। बादलों और धूप की इस आंख-मिचौली से मौसम में भीषण उमस हो गई थी। कूलर और पंखा चलाने के बावजूद चिपचिपाती गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ और आसमान में काली घनी घटाएं छा गईं। शाम चार बजे के करीब बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक तेज बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। हालांकि देर शाम तक बादल छाए हुए थे। राजकीय इंटर कालेज स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के डाटा रीडर निसार अहमद अंसारी का कहना है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की आर्र्दता 89 फीसदी और शाम की 85 फीसदी थी।