कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू 21 दिनों के लॉकडाउन के पहले दिन पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां नूर महल में अपने बेटे नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां के साथ व्यायाम करते नजर आए।
उन्होंने कहा है कि कोरोना से लड़ने के लिए फिट रहना बेहद जरूरी है। लॉकडाउन में घरों में कैद लोग वक्त गुजारने के लिए अलग-अलग तरह के तरीके अपना रहे हैं। और पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां अपने घर पर ही हैं। सुबह अपनी मां पूर्व सांसद बेगम नूरबानो और पत्नी बेगम यासीन अली खां उर्फ शाहबानो से काफी देर तक बातचीत की।
इसके बाद अपने पीआरओ काशिफ खां समेत कई करीबी लोगों से कोरोना से बचाव और लाॅकडाउन से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की साथ ही लोगों से घरों में रहने की अपील की।
इसके बाद नवेद मियां ने बेटे हमजा मियां के साथ नूर महल में ही व्यायाम किया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए इम्यून सिस्टम बढ़ाना बेहद जरूरी है। इसके लिए घर पर ही व्यायाम करें। लाॅकडाउन में जिम बंद होने पर घर पर खुद को फिट रखने के लिए व्यायाम किया जाना चाहिए।
इसके अलावा कोरोना के संक्रमण से बचाव को लेकर पूरी ऐहतियात बरतें। आधे-आधे घंटे के अंतराल पर अच्छी तरह हाथ धोएं, मास्क लगाएं, हाथ से नाक, आंख और मुंह छूने से बचें।