मुरादाबाद। जंक फूड के ज्यादा सेवन की वजह से बच्चे ही नहीं, बड़े लोगाें के दांतों में भी कीड़ा लगने की समस्या आम हो गई है। इससे मुंह से बदबू आने लगती है। इससे बचने के लिए हर छह महीने में दांतों की जांच अवश्य करवानी चाहिए। हो सके तो हर छह महीने में स्कैलिंग (दांतों की सफाई) करवानी चाहिए। यह कहना है दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित शर्मा का।
उन्होंने कहा कि जंक फूड दांतों के बीच में फंस जाता है। ब्रश करने के बाद भी वह नहीं निकल पाता। इससे मुंह से बदबू आने की परेशानी होने लगती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को दांत निकलने में परेशानी की समस्याएं भी आजकल काफी आ रही हैं। इससे बचने के लिए बच्चों को शुरू से विटामिन डी-3 और कैल्शियम देना चाहिए, जिससे दांढ़-दांत अच्छे से निकलते हैं। यदि कुल्ला करने को अपनी आदत बना लेंगे तो कीड़ा लगने की आशंका दस फीसदी कम हो जाती है। उन्होंने पाठकों के सवालों के जवाब भी दिए।
सवाल : मेरी उम्र 66 वर्ष है। मेरी एक दाढ़ खोखली है। इसमें दर्द भी होता है। इसमें राहत कैसे मिलेगी। - सुनील वर्मा, बुद्धि विहार
जवाब : रूट कैनाल ट्रीटमेंट करके दर्द को ठीक किया जा सकता है। अपने दंत चिकित्सक से संपर्क करें।
सवाल : मेरी उम्र 65 वर्ष है। मुझे दोनों दांतों पर कैप चढ़वाना है। क्या आयुष्मान कार्ड से कैप चढ़ सकता है। - सुरेश चंद्र, कटघर डबल फाटक
जवाब : नहीं, आयुष्मान कार्ड से कैप नहीं चढ़ सकता है।
सवाल : मेरी उम्र 57 वर्ष है। जब मैं खाना खाता हूं तो दाढ़ में दर्द होता है। अंदर जड़ कमजोर है। क्या उपाय करने चाहिए। - दिनेश कुमार यादव, झांझनपुर
जवाब : इसके लिए दांतों की सफाई करवानी चाहिए। यदि इसमें दांत ज्यादा हिलेगा तो निकालना पड़ सकता है। यदि दांत ठीक रहेगा तो उसी जगह पर फिक्स कर दिया जाएगा।
सवाल : मेरी उम्र 18 वर्ष है। मेरे दांतों में रोज दर्द होता है। यह परेशानी तीन महीने से है। खाना खाने में भी बहुत दिक्कत होती है। क्या करना चाहिए। - शगुन, लाइनपार
जवाब : फिटकरी के पानी से एक सप्ताह तक कुल्ला करें, आराम होने लग जाएगा।
सवाल : मेरी उम्र 20 साल है। मेरे दांतों में पीलापन है। यह समस्या काफी समय से है। मैंने दो बार दांतों की सफाई करवाई है, लेकिन पीलापन फिर हो जाता है। इसका कोई समाधान है। - उत्सव वर्मा, दीनदयाल नगर।
जवाब : दांतों की सफाई से पीलापन नहीं जाता है। इसके लिए ब्लीचिंग या विनेरिंग करवानी पड़ेगी।
सवाल : मेरी उम्र 65 वर्ष है। मेरे मसूड़े में दाना बनता है और फूट जाता है। इससे कोई परेशानी तो नहीं होगी। - हरपाल सिंह पाल, सूर्य नगर
जवाब : आपकी दांत की जड़ में कोई संक्रमण हो सकता है। इसी वजह से बार-बार दाना बन रहा है। इसके लिए दंत चिकित्सक को दिखाना जरूरी है।