फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहन ने की आत्महत्या तो भाई ने दोस्त के साथ मिलकर कर दी वेल्डर की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। बिलारी थानाक्षेत्र में युवती की आत्महत्या के आठ माह बाद उसके भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर वेल्डर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव गन्ने के खेत में छिपा दिया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसको शक था कि फहीम से परेशान होकर उसकी बहन से आत्महत्या कर ली थी। उसका बदला लेने के लिए उसने अपने दोस्त को साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया था।
विज्ञापन

धर्मपुर कलां गांव निवासी जहीर अहमद का बेटा मोहम्मद फहीम (18) 13 जुलाई की शाम आठ बजे से अपने घर से लापता था। घर न पहुंचने पर परिजनों ने गांव और आसपास के जंगल में उसकी तलाश की थी। 14 जुलाई की सुबह युवक के पिता जहीर अहमद ने कोतवाली बिलारी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन जहां लापता की तलाश करने में लगे थे, वहीं पुलिस ने परिजनों से यह जानकारी भी जुटाई कि कहीं उसकी किसी से कोई रंजिश तो नहीं थी। परिजनों द्वारा पुरानी रंजिश की जानकारी देने और घटना की जांच के दौरान पुलिस ने धर्मपुर कलां गांव निवासी साहिबे आलम और बिलाल को शुक्रवार सुबह रौजा की पुलिया के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रंजिश के चलते उन्होंने ही फहीम का अपहरण करके जंगल में ले जाकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी है।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने धर्मपुर कलां गांव से लगभग दो किमी दूर थाना कुंदरकी के खनूपुुरा गांव के जंगल में एक गन्ने के खेत से फहीम का सड़ा गला शव बरामद कर लिया। उसके चेहरे के कुछ हिस्से को जंगली जानवरों ने भी खा लिया था। कोतवाली प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि गुमशुदगी के इस मामले को पहले तो अपहरण में तरमीम किया गया। साथ ही लापता युवक का शव मिलने के बाद हत्या करने और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में परिवर्तित कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार दोपहर बाद मुरादाबाद अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि लगभग आठ माह पहले हत्यारोपी साहिबे आलम की बहन ने किन्हीं कारणों के चलते आत्महत्या कर ली थी। साहिबे आलम को शक था कि फहीम के रवैये की वजह से ही उसकी बहन ने आत्महत्या की है। अपने इस अपमान का बदला लेने के लिए साहिबे आलम ने बिलाल के सहयोग से फहीम की हत्या करने की घटना को अंजाम दिया है।
विधायक और सीओ ने किया धर्मपुर कलां का दौरा
बिलारी। सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान और बिलारी सीओ देश दीपक सिंह ने शुक्रवार सुबह धर्मपुर कलां गांव का दौरा किया। सीओ ने फहीम का शव मिलने का स्थान देखने के अलावा जरूरी जानकारी जुटाई। सपा विधायक फहीम ने मृतक के घर के बाहर जमा आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि घटना में जो भी आरोपी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई पुलिस द्वारा कराई जाएगी। उन्होंने मृतक फहीम के वृद्ध दादा बाबू और अन्य परिजनों से को भी ढांढस बंधाया।
आरोपियों ने तालाब में फेंक दिया था चाकू
बिलारी। आरोपियों ने फहीम की हत्या में इस्तेमाल की गई चाकू को तालाब में फेंक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फहीम का मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त की गई बाइक भी बरामद की है। आरोपियों ने फहीम की गर्दन के अलावा पेट और शरीर के अन्य हिस्से पर पर चाकू से कई वार किए थे। संवाद
आरोपियों ने फहीम को बातचीत करने के बुलाया था
बिलारी। कोतवाली पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वो फहीम को गांव से बाइक पर बैठाकर जंगल ले गए थे। साहिबे आलम ने अपने साथी बिलाल के जरिये फहीम को पेट्रोल पंप के पास बुलाया था। इसके बाद आरोपियोें ने बातचीत करने के बहाने जंगल में ले जाकर उसके हाथ-पैर टेप से बांधकर गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी थी।
एक सप्ताह पहले लखनऊ से गांव लौटा था फहीम
बिलारी। फहीम एक ठेकेदार के साथ वेल्डिंग करने दो माह पहले लखनऊ चला गया था। एक सप्ताह पहले ही वह लखनऊ से वापस अपने घर धर्मपुर कलां लौटा था।
शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने लगाया जाम
बिलारी। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव जब गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने बिलारी- शाहबाद रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे तक जाम लगाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें