मुरादाबाद। महानगर की सड़कों पर हर रोज लोग जाम की समस्या से जूझते हैं। जाम की समस्या से परेशान व्यापारियों ने मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल के बैनर तले सीओ कोतवाली से मुलाकात कर ई-रिक्शों के बाजार में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल जॉनी के नेतृत्व में कई व्यापारी नेता सीओ कोतवाली कुलदीप गुप्ता से मिले। व्यापारियों ने कहा कि महानगर में जाम का सबसे बड़ा कारण ई-रिक्शों का बेतरतीब संचालन है। उनका कहना था कि जनसामान्य को सुलभ और सस्ती यातायात सुविधा उपलब्ध कराने में ई-रिक्शों की अहम भूमिका है, लेकिन इनके अव्यवस्थित संचालन से समस्या बढ़ रही है। आरोप लगाया कि ई-रिक्शे अक्सर गलत दिशा में चलते हैं और आगे निकलने की होड़ में यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। इसके अलावा सवारियों के इंतजार में बाजारों की सड़कों पर ही खड़े हो जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।
व्यापारियों ने कहा कि बाजारों के मार्ग पहले ही संकरे हो चुके हैं, ऐसे में ई-रिक्शों का बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही व्यापारियों ने मंगलवार को अवैध रूप से लगने वाले बाजार को भी बंद कराने की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल जॉनी ने बताया कि सीओ कोतवाली ने उच्चाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता, टोनी सहगल, मूलचंद चौहान, राजेंद्र प्रजापति और अक्षय अग्रवाल शामिल रहे।