मुरादाबाद। ऑल टीचर्स एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) की ओर से शुक्रवार को पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने और सरकारी संस्थानों के निजीकरण के विरोध में तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला चिकित्सालय से शुरू हुई यात्रा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां अतिरिक्त नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम) माधव उपाध्याय को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
अटेवा पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2004 के बाद पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई पेंशन योजना (एनपीएस) लागू की गई। इससे शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता को भी अव्यावहारिक बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। जिला अध्यक्ष सैयद अफजाल अली ने कहा कि एनपीएस कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक भविष्य के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं है। जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। जिला महामंत्री हेमंत चौधरी ने कहा कि 20-25 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता से असुरक्षा का माहौल है। साथ ही सरकारी संस्थानों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की। फार्मेसी काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला, अंकित यादव, रूपेश यादव, मनोज तिवारी, चेतन, मंजूर अहमद, नसीर हुसैन, अब्दुल अलीम, पूनम मैसी, प्रतिमा शर्मा समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल रहे।