मुरादाबाद। गंगा स्नान के मद्देनजर रूट डायवर्जन किया गया है। मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली रोडवेज व निजी बसें समेत अन्य भारी वाहन हाईवे पर नहीं चलेंगे। उन्हें बदले मार्ग से चला जाएगा। जबकि मेरठ जाने वाली रोडवेज की वजह वाया बिजनौर होकर जाएंगी।
एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गंगा स्नान के मद्देनजर हाईवे पर भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। शुक्रवार सुबह से मुरादाबाद से दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की ओर हल्के वाहन(कार,टेंपो, पिकअप, बाइक) चलते रहेंगे जबकि रोडवेज और निजी बसें, ट्रैक्टर ट्राली,ट्रक व अन्य भारी वाहन बिलारी, सिरसी, संभल,गवां, अनूपशहर, बुलंदशहर होते हुए गाजियाबाद, दिल्ली और हापुड़ भेजे जाएंगे। इसी मार्ग पर से वापस आएंगे। मुरादाबाद से मेरठ की तरफ जाने वाली रोडवेज, निजी बसें और भारी वाहन दिल्ली रोड स्थित पाकबड़ा बागड़पुर मोड से अगवानपुर बाईपास से शेरुआ धर्मपुर चौराहे से छजलैट, उमरी, नूरपुर, बिजनौर होते हुए मेरठ भेज जाएंगे। जबकि कार, टेंपो, छोटे वाहन दिल्ली रोड से मेरठ के लिए जा सकेंगे। एसपी यातायात ने बताया कि शुक्रवार सुबह से लेकर बुधवार रात रूट डायवर्जन लागू रहेगा।