फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। इस सीजन में गुरुवार अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में कोहरा और सर्द हवाओं ने जनजीवन को बेहाल कर दिया। दिन में गलन की वजह से धूप भी बेअसर रही। अब यह कड़ाके की ठंड 19 दिसंबर तक शहरवासियों को बेहाल करेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुक्रवार को भी इसी तरह दिन ठंडा रहेगा। गत एक सप्ताह में तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो चुकी है।
विज्ञापन

पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अब कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू हो गई है। 19 दिसंबर तक इससे राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दिन में धूप हल्की रहेगी। तेज हवाएं चलने से ठिठुरन रहेगी, इसमें धूप की तपिश महसूस नहीं होगी। पहाड़ों पर खूब बर्फबारी हो रही है। पश्चिम से सूखी हवाएं और पहाड़ों से बर्फीली हवाओं से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पैदा कर रही हैं। इस वर्ष का पूर्वानुमान भी कड़ाके की ठंड का आया है। अब शहरवासियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वाहन चलाते समय ही नहीं, बल्कि घर से बाहर निकलते समय भी गर्म कपड़े पर्याप्त मात्रा में पहनें। विशेषकर कानों को ढकें।
बुधवार रात से मौसम में जबरदस्त बदलाव हुआ। गुरुवार सुबह तक वातावरण में कोहरा छाया हुआ था। दोपहर में भले धूप निकल आई हो, लेकिन सुबह के कोहरे और फिर ठंडी हवाओं के झोकों ने ऐसी कंपकंपी बांधी कि ज्यादातर लोगों ने घरों में हीटर और ब्लोअर तक चला लिए। अधिकांश समय लोग अपने घरों में ही गर्म कपड़ों और रजाई में बैठे ठंड से राहत पाने की जद्दोजहद करते रहे। कई स्थानों पर लोग जहां आग जलाकर तापते नजर आए तो वहीं, बाजार और कार्यालयों में पहुंचे लोग भी पूरी तरह गर्म कपड़ों को लपेटे रहे। शाम को भी कार्यालयों से लोगों को घर जाने की जल्दी रही।
विज्ञापन

राजकीय इंटर कालेज स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के डाटा रीडर निसार अहमद अंसारी ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे और सर्द हवाओं की वजह से वातावरण में नमी है। सुबह की आर्द्रता 95 फीसदी और शाम की 87 फीसदी दर्ज की गई। गुरुवार को हवा पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से रही। 11 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो गुरुवार के तापमान की अपेक्षा सात डिग्री सेल्सियस अधिक है।
विज्ञापन

मौसम विभाग की ओर से 23 दिसंबर तक का जारी किया गया पूर्वानुमान, तापमान डिग्री सेल्सियस में है।
तारीख न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान मौसम
18 दिसंबर चार 16 ठंडा दिन
19 दिसंबर पांच 17 ठंडा दिन
20 दिसंबर छह 18 कोहरा
21 दिसंबर सात 19 कोहरा
22 दिसंबर नौ 18 कोहरा
23 दिसंबर नौ 20 कोहरा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें