रामपुर के स्वार में महिला खंड शिक्षा अधिकारी बबीता सिंह से अभद्रता, धमकी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोपों में तीन शिक्षक निलंबित किए गए हैं। बीएसए कल्पना देवी ने आगे की विभागीय जांच मिलक के बीईओ राजेंद्र सिंह बोरा को सौंपी है।
रामपुर के स्वार में तैनाती के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी बबीता सिंह के खिलाफ शिकायतें भेजने और उनके साथ अभद्रता के मामले में तीन शिक्षकों को निलंबित किए जाने के बाद अब विभागीय जांच भी की जाएगी। बीएसए कल्पना देवी ने तीनों को निलंबित करने के बाद आगे की जांच मिलक के बीईओ को सौंप दी है।
विज्ञापन
निलंबित शिक्षकों में साजिद अली, मोहम्मद सईद और शैलेंद्र उपाध्याय शामिल हैं। कुछ माह पहले तीनों शिक्षकों ने बीईओ के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शासन से शिकायत की थी। इसकी जांच तीन सदस्यीय समिति ने की थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद बीएसए ने तीनों के निलंबन के आदेश जारी किए। जांच में उच्च प्राथमिक विद्यालय फैजुल्लानगर के सहायक अध्यापक साजिद अली पर विद्यालय बंद मिलने और निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने के बाद शिकायतें भेजने तथा विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप सही पाए गए।
विज्ञापन
पूर्व माध्यमिक विद्यालय टांडा के वार्ड नंबर सात में तैनात सहायक अध्यापक मोहम्मद सईद पर महिला बीईओ को धमकाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोपों की पुष्टि हुई। वहीं, प्राथमिक विद्यालय सरकड़ी के इंचार्ज प्रधानाध्यापक शैलेंद्र उपाध्याय पर सोशल मीडिया पर महिला बीईओ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप सही पाया गया।
निलंबन के बाद तीनों शिक्षकों को ब्लॉक संसाधन केंद्र स्वार से संबद्ध किया गया है। मामले की आगे की जांच खंड शिक्षा अधिकारी मिलक राजेंद्र सिंह बोरा को सौंपी गई है। बीएसए कल्पना देवी ने उन्हें आरोपपत्र और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।