मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में मौलाना को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने महिला और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार की शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। कटघर थाना क्षेत्र के बरवाला मझरा निवासी मौलाना मिनहाजुद्दीन ने उत्तराखंड के काशीपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी नसरीन, उधमसिंह नगर के जसपुर निवासी कलीम अख्तर और अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के हेवतपुर निवासी इमरान के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मौलाना ने बताया कि इमरान और कलीम अख्तर अपने साथ नसरीन को लेकर आए और उससे बातचीत की। कुछ समय के बाद आरोपी धमकी देने लगे कि नसरीन तुम्हारे खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराएगी। आरोपियों ने यह भी कहा कि अगर जेल जाने से बचना चाहते हो तो तीन लाख रुपये देने होंगे।
इसके बाद आरोपी 20 हजार रुपये मौलाना से वसूल कर ले गए थे। 21 जुलाई 2025 को आरोपी दोबारा आ गए और धमका कर काशीपुर तिराहे पर बुला लिया। यहां आरोपी धमकी देने लगे कि तीन लाख रुपये नहीं दिए तो दुष्कर्म में जेल भिजवा देंगे या फिर जान से मारवा देंगे।