पोस्टमार्टम हाउस पर गमगीन परिजन और क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे पर दौड़ रही कार शनिवार की देर रात डिडौली में ईंटों के ढेर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार बरेली के तीन दोस्तों की मौत हो गई। जबकि एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया। चारों दोस्त दिल्ली से बरेली लौट रहे थे। मरने वालो में दो दोस्त ट्रेवल एजेंसी का काम करते थे। जबकि तीसरा दोस्त चालक है।
बरेली के मोहल्ला नेकपुर के रहने वाले धर्मेंद्र शर्मा (39) पुत्र युधिष्ठर शर्मा, ओमप्रकाश (40) पुत्र रामचरण, जय प्रकाश (42) पुत्र चिरंजन और मोहल्ला हारूनगला निवासी हरवंश (45) पुत्र महेश शनिवार की सुबह घर से दिल्ली के लिए निकले थे। धर्मेंद्र और ओमप्रकाश की बरेली के चौपला चौराहे पर ट्रेवल एजेंसी है। दिल्ली से रात में लौटते समय चारों दोस्तों ने गढ़ में खाना खाया। इसके बाद बरेली के लिए निकल पड़े।
बताया जाता है कि रात डेढ़ बजे के करीब हाईवे पर डिडौली कस्बे में फ्लाईओवर से उतरते समय कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ईंटों के ढेर से टकरा गई। इसके बाद कार पलट गई। हादसे में धर्मेंद्र, ओमप्रकाश और जयप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। जबकि हरवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में डाक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन भी देर रात अमरोहा पहुंच गए। डिडौली इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि ईंटों के ढेर से टकराने पर हादसा हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।