पेंटर योगेश के भाई उमेश ने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि बुधवार की शाम करीब छह बजे उसका छोटा भाई योगेश घर में मौजूद था। इसी दौरान गुरेठा निवासी शोभाराम, उसके बेटे कपिल व गौरव आ गए और योगेश को अपने साथ बुलाकर ले गए। इसके बाद से योगेश गायब था। देर रात तक वह वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई। उसके मोबाइल पर कॉल तो जा रही थी लेकिन कोई रिसीव नहीं कर रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे उसका शव मौढ़ा तैय्या में कब्रिस्तान के पास मिला। शव के पास ही उसका मोबाइल पड़ा था।
इसकी जानकारी मिलने पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ हाईवे राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम बुला ली गई। टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उमेश का आरोप है कि कपिल, गौरव और शोभाराम ने उसके भाई की हत्या की है। एसपी सिटी ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक पूछताछ में उन्होंने इस घटना में शामिल होने से इनकार किया है।
पुलिस को कॉल कर कहा- गौरव, कपिल और शोभाराम मुझे पीट रहे हैं
बुधवार की रात 11.23 बजे योगेश के मोबाइल नंबर से यूपी 112 पर कॉल की गई है। कॉल करने वाले ने अपना नाम योगेश बताते हुए कहा कि उसके गांव के कपिल, गौरव और इनके पिता शोभाराम पीट रहे हैं। ईंट पत्थर से हमला कर रहे हैं। 112 पर कॉल पहुंचते ही पुलिस अलर्ट हो गई है। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी बताए लोकेशन पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने उस नंबर पर कॉल की लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। आसपड़ोस में भी सर्च किया गया लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी फेक कॉल या शराबियों का झगड़ा समझते हुए वापस चले गए।
बृहस्पतिवार की सुबह शव के पास फोन मिला तो उसकी कॉल डिटेल चेक की गई जिससे पता चला कि अंतिम कॉल 112 पर की गई थी। इसके बाद यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की तो पता चला कि रात एक कॉल आई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह कॉल योगेश ने की थी या फिर किसी ने गुमराह करने के लिए गौरव, कपिल और शोभाराम का नाम लेकर कॉल की थी।
सिर पर किया वार, गला भी घोंटने का प्रयास
पाकबड़ा थाने की पुलिस बृहस्पतिवार को योगेश के शव का पोस्टमार्टम कराया। शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि योगेश के सिर पर किसी डंडे या लोहे की रॉड से हमला किया गया था जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी और खून बह गया। इसके अलावा हत्यारोपियों ने योगेश का गला भी दबाने का प्रयास किया था हालांकि मौत सिर में गहरी चोट लगने और खून बहने से हुई है।
बसपा नेताओं ने परिवार से की मुलाकात
बसपा जिला अध्यक्ष निर्मल सिंह सागर अन्य पदाधिकारियों के साथ गुरेठा गांव पहुंचे और उन्होंने योगेश के परिवार से मुलाकात की। घटना पर रोष जताते हुए पुलिस अफसरों से इस मामले में निष्पक्ष जांच कर हत्याकांड का खुलासा करने की मांग रखी।