मुरादाबाद। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई ट्रेन में लूट की घटना का खुलासा करने के लिए जीआरपी जुटी हुई है। दो दिन से एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला और टीम ने बिलासपुर में डेरा डाल रखा है। चार थाना प्रभारियों की टीमें आसपास के बाजारों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। एक फुटेज में तीन नकाबपोश युवक दिखे हैं लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पा रही है।
जीआरपी की टीम उनकी कद-काठी और चाल ढाल से यह परख रही है कि कहीं इनमें कोई पुराना अपराधी तो नहीं है। सूत्रों का कहना है कि टीम खुलासे की तरफ बढ़ रही है। जांच का एक एंगल यह भी है कि कहीं यह पूरी घटना प्लान तो नहीं की गई। इसे ध्यान में रखकर भी व्यापारी के कर्मचारियों से पूछताछ की गई है।
ट्रेन के अन्य यात्रियों के भी बयान दर्ज किए गए हैं। अनुभाग में पहले घटी इस प्रकार की घटनाओं को जोड़ते हुए भी इस मामले की तफ्तीश की जा रही है। एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला का कहना है कि जांच जारी है। अभी हमारी टीम निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है लेकिन कुछ ठोस सुबूत मिले हैं। उम्मीद है कि जल्द ही खुलासा हो जाएगा।