कांठ (मुरादाबाद)। खनन निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने रविवार को ईंट भट्ठों के पास मिट्टी का अवैध रूप से खनन कर रहीं तीन जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ लीं। कार्रवाई करते हुए पकड़े गए वाहनों को कांठ और छजलैट पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
मुखबिर की सूचना पर रविवार को खनन निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने ईस्माइलपुर मार्ग स्थित ईंट भट्ठे के पास और गांव मघपुरी इनायतपुरी में ईंट भट्ठे के पास छापा मारकर दो जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध खनन के आरोप में पकड़ लिया। उन्होंने इन्हें छजलैट पुलिस के सुपुर्द किया है। वहीं दूसरी ओर रविवार को खनन निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने कांठ थाना क्षेत्र में गांव खलीलपुर कद्दीम के जंगल में स्थित ईंट भट्ठे के पास से मिट्टी के अवैध खनन के आरोप में एक जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। खनन निरीक्षक का कहना है कि बिना अनुमति के कहीं भी खनन नहीं हो दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान चलाकर तीन दिन में छह जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया, आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।