बिलारी। नगर के सराफा बाजार में शनिवार सुबह सोने के नकली गहने बेचने आए तीन युवकों को सराफा व्यापारियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान सराफा बाजार में काफी देर तक हंगामा हुआ। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अनेक व्यापारी थाने भी पहुंचे।
सराफा कमेटी बिलारी की उपाध्यक्ष और उद्योग व्यापार मंडल महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष विनीता रस्तोगी की नगर के सराफा बाजार में दुकान है। शुक्रवार शाम लगभग छह बजे दो युवक उनकी दुकान पर सोने की दो अंगूठी बेचकर पैसे ले गए थे। वहीं दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ शनिवार सुबह विनीता रस्तोगी की दुकान पर ही सोने की चेन बेचने आ गए। उन्होंने युवकों बताए बिना सोने की चेन जब जांच कराने मशीन पर भेजी तब वह नकली पाई गई। वहीं शुक्रवार को खरीदी गई दोनों अंगूठियों भी जांच में नकली पाई गईं।
सराफा कमेटी उपाध्यक्ष ने तुरंत ही सराफा कमेटी अध्यक्ष को अपनी दुकान पर बुलाकर पूरा घटनाक्रम बताया। इस दौरान तीनों युवक आरोप लगाते हुए भागने की कोशिश करने लगे। युवकों के समर्थन में आए उसके एक रिश्तेदार से मारपीट भी हो गई। मामला तूल पकड़ता देख सराफा कमेटी पदाधिकारियों ने कस्बा चौकी पुलिस को मौके पर बुला लिया और नकली गहने बेचने आए तीनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी युवकों में दो थाना बिलारी के तेवरखास गांव के रहने वाले हैं, जबकि एक युवक थाना हयातनगर संभल के धुनावली गांव का निवासी है।
सराफा कमेटी बिलारी के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता फाईन, उद्योग व्यापार मंडल बिलारी के अध्यक्ष संजय जैन और सपा व्यापार सभा के अध्यक्ष चिराग अग्रवाल के साथ अनेक सराफा व्यापारी शनिवार दोपहर थाने पहुंचे। पुलिस से तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग उठाई। इस संबंध में थाना बिलारी प्रभारी ने बताया कि सराफा व्यापारी की ओर से मिली शिकायत की जांच जा रही है और आरोपी युवकों से यह पता लगाया जा रहा है कि उनके द्वारा गहने कहां से खरीदे गए हैं।
फोटो परिचय-12